आईएमए के साथ सीएमओ ने की अहम बैठक
लखीमपुर खीरी।
सड़क दुर्घटनाओं में घायल पीड़ितों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निजी चिकित्सालयों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सड़क हादसों में घायलों को मिलने वाली शासकीय सुविधाओं एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि यदि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति 24 घंटे के भीतर किसी निजी चिकित्सालय में भर्ती होता है, तो उसे एक सप्ताह तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस उपचार की पूरी धनराशि शासन द्वारा संबंधित निजी चिकित्सालय को दी जाएगी, जिससे मरीज एवं उसके परिजनों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत उन नागरिकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जो किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को एंबुलेंस या अन्य साधन से अस्पताल पहुंचाते हैं। ऐसे मददगार राहवीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए संबंधित चिकित्सालय को घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति की जानकारी सुरक्षित रखनी होगी। दोनों योजनाओं में पुलिस सत्यापन के बाद ही लाभ प्रदान किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
सीएमओ ने कहा कि सड़क हादसे देश और प्रदेश के लिए एक गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में प्रतिवर्ष लगभग 1.6 लाख से अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है, जबकि 4.5 लाख से अधिक लोग घायल होते हैं। उत्तर प्रदेश में भी हर साल 20 हजार से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जाती हैं। ऐसे में निजी अस्पतालों की भागीदारी से घायलों को समय पर इलाज मिल सकेगा और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी लाई जा सकेगी।
बैठक में एसीएमओ डॉ. एस.पी. मिश्रा, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अमितेश द्विवेदी सहित आईएमए अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खरे, डॉ. अखिलेश वर्मा एवं डॉ. मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
— समाज जागरण संवाददाता
कुलदीप सिंह
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



