समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी
डाला/ सोनभद्र। विकासखंड चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला मिटीहिनिया में ग्रामीण महिलाओं ने आवास, बिजली एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने किया।
प्रदर्शन के दौरान युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने कहा कि मिटीहिनिया में बिजली के पोल लगाए जाने के बाद भी लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक तार खींचकर विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। इससे ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना के अंतर्गत भी गांव में अब तक घर-घर नल कनेक्शन एवं टोटी नहीं लगाई गई है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद ग्राम पंचायत की ओर से पानी का टैंकर भी उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के अनेक पात्र परिवार आज भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। प्रशासन से मांग है कि पात्र परिवारों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि मिटीहिनिया में शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, हर घर जल योजना के कार्य को तत्काल पूर्ण कर नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा सभी पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया जाए।
युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने कहा कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो बहुत जल्द जिलाधिकारी महोदय से मिलकर उन्हें इन समस्याओं से अवगत कराया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को उनकी मूलभूत सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध हो सकें।
प्रदर्शन में कुसुम, रीता देवी, पार्वती, संतरा, चंपा, कंचन, प्रियंका, लीलावती, मुन्नी, लोली, शुभवानी आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मिटीहिनिया की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



