सलाम नमस्ते ने सामुदायिक बदलाव का 16 वां वर्ष मनाया

नोएडा। आईएमएस नोएडा का सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते ने सामुदायिक प्रसारण और सामाजिक बदलाव के अपने 16 शानदार वर्ष पूर्ण किए। संस्थान परिसर में आज महिला उद्यमिता एवं युवाओं सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नानीज पोटली एवं अवंतरा जैसी होम प्रेन्योर इकाइयां तथा सदरग, मेरा सहारा एनजीओ के प्रतिनिधियों ने अपनी प्रेरणादायक सफलता की कहानियां साझा कीं। वहीं कार्यक्रम के दौरान भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार पर भी विचार व्यक्त किए गए।

आईएमएस नोएडा के प्रसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि यह हमारी सतत मेहनत का परिणाम है कि सलाम नमस्ते को अब तक भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से थीमेटिक हस्तक्षेप, कम्युनिटी जुड़ाव तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। स्थापना से लेकर अब तक सलाम नमस्ते स्थानीय जन-समुदाय को सशक्त बनाने में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। हम आने वाले समय में भी समुदाय की आवाज बनकर सामाजिक बदलाव, सशक्तिकरण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते रहेगे।

वहीं संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर डॉ. विकास धवन ने कहा कि आज हम अपनी सफलता के 16 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा एवं गाज़ियाबाद का पहला सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते वर्ष 2009 से सतत सामाजिक मुद्दों को ध्यान में रखकर कार्यक्रम का प्रसारण करता आ रहा है। सलाम नमस्ते को बीते वर्षों में संसाधनहीन बच्चों पर आधारित कार्यक्रम “चक दे छोटू” एवं सलाम शक्ति के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार से क्रमश 2016 एवं 2019 में सम्मानित किया गया। वहीं सलाम नमस्ते के अन्य पुरस्कृत एवं प्रचलित कार्यक्रमों में सेकंड इनिंग को सलाम, मेड दीदी, सलाम सेहत, रेडियो ट्यूशन, सलाम स्कूल, करियर एक्सप्रेस, नन्ही आवाज़ बड़ी सीख एवं नोएडा के सारथी आदि शामिल है।

सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, कला एवं संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य करते हुए सामाजिक कल्याण, शिक्षा और सामुदायिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है। रेडियो के लोकप्रिय कार्यक्रमों में ‘सेहत सही लाभ कई’ (स्वास्थ्य जागरूकता),‘माटी के गीत’ (स्थानीय लोक संगीत) और ‘सेकंड इनिंग को सलाम’ (वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर आधारित) शामिल हैं, जिन्हें श्रोताओं द्वारा अत्यंत सराहा गया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में सलाम नमस्ते कम्युनिटी रेडियो ने मुंबई में आयोजित वेव्स 2025 में ‘मेड दीदी’ कार्यक्रम के लिए अपना चौथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस 2025 एवं विश्व मानक दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा भी सलाम नमस्ते को सम्मानित किया गया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)