गाजियाबाद। थाना लोनी क्षेत्र में यूट्यूबर सलीम वास्तिक उर्फ वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाले ₹1 लाख के इनामी बदमाश को गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। बाद में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक मेड इन इटली पिस्टल तथा सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले में प्रयुक्त पेपर कटर बरामद किया है। पुलिस बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच भी करा रही है।
26 फरवरी को हुआ था हमला
बताया गया कि दिनांक 26 फरवरी 2026 को सुबह करीब 8 बजे सलीम वास्तिक पर उनके कार्यालय में दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घायल सलीम वास्तिक का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
₹1 लाख का था इनाम
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था और वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस जुटी आगे की कार्रवाई में
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
SaleemWastik #GhaziabadPolice #LoniEncounter #UPPolice #CrimeNews #Encounter #BreakingNews #NCRNews
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



