संवाददाता।मुनेश कुमार यादव
गुन्नौर।दैनिक समाज जागरण
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयभानपुर निवासी पिंकी शर्मा (25) पत्नी सुनील शर्मा की हाथरस हादसे में जान गई है। महिला सोमवार की रात को अपने परिवार के सदस्यों के साथ बस में सवार होकर सत्संग में शामिल होने के लिए गई थीं। हादसे की सूचना परिजनों को हुई तो रो रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं दूसरी ओर जिले के करीब 200 श्रद्धालु सुरक्षित लौटे हैं। हादसे की सूचना के बाद इन सभी श्रद्धालुओं के परिजन व परिचित लोग चिंतित थे। घर पहुंचने पर सभी के परिजनों ने राहत की सांस ली है।
असमोली ब्लॉक के गांव हरिपुर मिलक, भटपुरा, कुतमपुर मुर्थला, चंदपुरा, असमोली, सैदपुर, निबोला से बस में सवार होकर 30 लोग सत्संग में शामिल होने के लिए गए थे। सभी सुरक्षित लौटे हैं। इसके अलावा एक बस बहजोई के गांव ढकारी से चली थी। इसमें गांव सादातबाड़ी, पाठकपुर, मानकपुर, भागनगर, धनारी, उधरनपुर, मझौला, कैल, गुन्नौर हीरापुर उर्फ इटऊआ , रसूलपुर के 65 लोग सवार थे। यह भी सभी सुरक्षित लौटे हैं। जुनावई क्षेत्र से गई बस में भी कई गांवों के लोग सवार थे। इसी बस में गांव उदयभानपुर निवासी पिंकी शर्मा और उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य सवार हुए थे। सत्संग में भगदड़ मची तो पिंकी की जान चली गई। पिंकी के परिजनों ने बताया कि वह अपने ससुर प्रेमशंकर शर्मा के साथ गई थीं। साथ में आठ वर्षीय बेटा अन्नू, दस वर्षीय बेटी सृष्टि, गांव निवासी महिला कुसुम और महिला की नातिन नीशू व अन्य महिला सरोज भी साथ थे। गांव उदयभानपुर के ग्राम प्रधान दयाराम सिंह ने बताया कि महिला की मौत की जानकारी मिली है। शव गांव देर रात तक भी नहीं पहुंचा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



