आदिवासी सुनील त्रिपाठी/ समाज जागरण
चोपन/ सोनभद्र। संकल्प नशा मुक्ति केंद्र, चोपन में आज गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर केंद्र परिसर को राष्ट्रीय ध्वज एवं देशभक्ति से जुड़े प्रतीकों से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।
इस विशेष अवसर पर संकल्प नशा मुक्ति केंद्र के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं केंद्र में उपचाररत एडमिट पेशेंट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रेरणादायक विचारों को साझा किया गया, जिससे उपस्थित सभी लोगों में देशप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई।
केंद्र के संचालक एवं स्टाफ द्वारा गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि यह दिन हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। नशा मुक्ति के मार्ग पर चल रहे व्यक्तियों के लिए यह दिन आत्मनिर्भर, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संकल्प नशा मुक्ति केंद्र द्वारा आयोजित यह गणतंत्र दिवस समारोह आपसी एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



