google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

असामाजिक तत्वों ने तोड़ी अंबेडकर मूर्ति, गांव में तनाव, पुलिस फोर्स तैनात

नगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिकरवार का मामला, पंचायत चुनाव से जोड़कर देखी जा रही घटना

विजय शंकर पाण्डेय / समाज जागरण

खलियारी/सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिकरवार में बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण—पुरुष एवं महिलाएं—प्रतिमा स्थल पर एकत्र हो गए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सरईगढ़ राहुल पांडेय मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद थाना प्रभारी रायपुर भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हर पहलू से मामले की जांच करने तथा जल्द नई अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराने का भरोसा दिया।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि केवल प्रतिमा लगाकर मामले को दबाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए, बल्कि दोषियों की गिरफ्तारी आवश्यक है। ग्रामीणों ने पूर्व में कम्हरिया गांव की घटना का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी प्रतिमा तो लगा दी गई, लेकिन आज तक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

सूत्रों के अनुसार, अंबेडकर प्रतिमा को खंडित करने की यह घटना आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनज़र गांव में तनाव फैलाने की साजिश हो सकती है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व अंबेडकर प्रतिमा के पास ग्राम पंचायत निधि से एक सरकारी भवन का निर्माण कराया जा रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध कर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसके कुछ ही दिनों बाद प्रतिमा को खंडित किए जाने से कई तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं।

ग्रामीण बिक्रम हरिजन का कहना है कि पहले दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, उसके बाद ही नई प्रतिमा स्थापित की जाए। वहीं बलवंत हरिजन, छैबर राम, शांता राम सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़े


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)