गृह मंत्री के संभावित आगमन को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज

एएसएल व संयुक्त ब्रीफिंग में व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
24 फरवरी।
गृह मंत्री अमित शाह के संभावित किशनगंज आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंगलवार को जिला परिषद के मेची सभागार में एएसएल (एडवांस सिक्योरिटी लाइजन) पूर्व ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसके बाद समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।


एएसएल टीम ने जानकारी दी कि गृह मंत्री का आगमन 25 फरवरी 2026 को अपराह्न लगभग 4:30 बजे प्रस्तावित है। आगमन के उपरांत जिला परिषद सभागार में बैठक तथा एमजीएम में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। अगले दिन 26 फरवरी को पूर्वाह्न 11:00 बजे अररिया के लिए प्रस्थान निर्धारित है।
बैठकों में कार्केड मूवमेंट, हेलीपैड सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, क्यूआरटी (QRT) टीम की तैनाती, डॉग स्क्वॉड से सेनीटाइजेशन, पार्किंग व्यवस्था और मेडिकल इमरजेंसी प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिले में उपलब्ध बल के अतिरिक्त 400 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्केड का रिहर्सल अपराह्न 3:30 बजे आयोजित होगा।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर पूर्ण सतर्कता और अनुशासन के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)