दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो ने मंगलवार को विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। उन्होंने प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, रघुनाथपुर की मान्यता और कक्षाओं की स्थिति पर जानकारी मांगी। विभाग ने बताया कि विद्यालय को स्थायी मान्यता प्राप्त है और वहां वर्ग 7 से 10 तक पढ़ाई संचालित है। नीमडीह प्रखंड में प्लस टू विद्यालयों की संख्या को लेकर भी विधायक ने प्रश्न उठाया।
विभाग ने जानकारी दी कि प्रखंड में राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय रघुनाथपुर सहित एस.एन.एम. +2 उच्च विद्यालय चेलियामा, उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय झिमड़ी, जे.के.एल.एम. आदरडीह और एस.एन.एम. इंटर कॉलेज दुमदुमी संचालित हैं। उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौड़ा में शिक्षकों की कमी का मामला भी विधायक ने सदन में उठाया। सरकार ने स्वीकार किया कि स्वीकृत पद सृजित नहीं हैं। वर्तमान में विद्यालय में तीन सरकारी शिक्षक, एक पारा शिक्षक कार्यरत हैं तथा एक गणित-भौतिकी शिक्षिका का प्रतिनियोजन किया गया है। सरकार ने नई शिक्षा नीति 2020 के तहत माध्यमिक (कक्षा 9-12) आचार्य संवर्ग में पद सृजन व विद्यालयों के उन्नयन की प्रक्रिया प्रारंभिक चरण में होने की जानकारी दी। विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



