google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सीवर ढक्कन उभारने की अनदेखी बनी वार्ड-17 के नागरिकों का सिरदर्द, विधायक से मिलकर किया समाधान की मांग


लोनी, गाजियाबाद: नगर पालिका परिषद लोनी के वार्ड संख्या 17 अंतर्गत उत्तरांचल बिहार सोसाइटी से उज्जवल मैरिज होम तक पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में जल निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच तालमेल की कमी कॉलोनीवासियों के लिए भारी परेशानी का सबब बन चुकी है।



सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन सीवर ढक्कन सड़क के नीचे दब गए हैं। सड़क निर्माण तभी संभव है जब जल निगम इन्हें उभारकर अपने कार्य को पूर्ण करे, लेकिन विभाग की निष्क्रियता के कारण यह कार्य अधर में लटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने साफ कहा है कि जब तक सीवर ढक्कन नहीं उठाए जाएंगे, वह सड़क निर्माण नहीं कर सकते।

इस समस्या के चलते इलाके की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बारिश ने स्थिति और अधिक बिगाड़ दी है। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है। स्थानीय निवासी खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज तिलक राम कॉलोनी की जनकल्याण विकास समिति के अध्यक्ष शिव ओम शर्मा के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में चौधरी जयपाल सिंह, रविंद्र शर्मा, निर्मल भारद्वाज, वीरेंद्र कुमार, जियालाल सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।



विधायक श्री गुर्जर को कॉलोनी की दुर्दशा और विभागीय लापरवाही से अवगत कराते हुए समस्या के त्वरित समाधान की मांग की गई। विधायक ने नगरपालिका लोनी के ईओ को निर्देश दिए कि वे तुरंत जल निगम से समन्वय स्थापित कर सीवर ढक्कन उभारने का कार्य पूर्ण कराएं, ताकि पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर सके।

अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या स्थानीय प्रशासन विधायक के निर्देशों को गंभीरता से लेता है या फिर यह मुद्दा भी अन्य जन समस्याओं की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

रिपोर्ट: समाज जागरण न्यूज़ पोर्टल, लोनी
📍 लोनी, गाजियाबाद


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)