घटना से पत्रकारों व पत्रकार संगठनों में रोष, उच्चस्तरीय जांच व सख्त कार्रवाई की मांग
विजय शंकर पाण्डेय / समाज जागरण
सोनभद्र। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत पर आज सुबह उस समय जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया, जब वे न्यूज कवरेज के दौरान तियरा रोड के किनारे खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार सवार ने जानबूझकर उन्हें निशाना बनाते हुए कुचलने का प्रयास किया। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत लंबे समय से सड़क निर्माण सहित अन्य सरकारी कार्यों में हो रहे कथित भ्रष्टाचार को लेकर लगातार ग्राउंड रिपोर्टिंग कर रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता से असहज तत्वों द्वारा ही यह दुस्साहसिक कदम उठाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के करीब दस मिनट बाद वही कार पुनः उसी स्थान पर लौटी और दोबारा पत्रकार विजय विनीत को कुचलने का प्रयास किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह एक सुनियोजित हमला था।
वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत अपनी बेबाक, निर्भीक लेखनी और ईमानदार पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में कई राष्ट्रीय समाचार पत्रों में कार्य किया है और सामाजिक, शोषित-पीड़ित वर्ग की आवाज बुलंद करने के लिए सदैव सक्रिय रहे हैं। इसी कारण कुछ असामाजिक तत्वों में उनके प्रति नाराजगी भी बताई जा रही है।
घटना की जानकारी लेने के लिए जब वरिष्ठ पत्रकार विजय विनीत से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। इस घटना के बाद जिले के पत्रकारों एवं विभिन्न पत्रकार संगठनों में भारी रोष व्याप्त है।
पत्रकार संगठनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



