*छठ घाट की खुदाई पूरी, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप**
**नोएडा।** सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शिव शक्ति छठ पूजा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी छठ पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं और समिति ने अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली हैं। शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शिव शक्ति अपार्टमेंट में आयोजित होने वाले छठ महापर्व में अपार्टमेंट के निवासियों के अलावा आसपास के विभिन्न सेक्टरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां व्रती भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी प्रतीक बन चुका है।
समिति के अध्यक्ष शैलेश श्रीवास्तव ने बताया कि छठ पूजा को भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे हैं। छठ घाट की खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है और घाट सहित आसपास के परिसर में साफ-सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा बेहतर व्यवस्थाएं करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समिति के महासचिव कैलाश साह ने कहा कि छठ महापर्व बिहार, पूर्वांचल सहित देशभर के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा प्रमुख लोकपर्व है। शिव शक्ति अपार्टमेंट में सभी निवासी मिल-जुलकर इस पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और आयोजन को यादगार बनाया जाए।
वहीं, समिति के संरक्षक टी.एन. झा एवं गौरव कुमार यादव ने नोएडा प्राधिकरण तथा शासन-प्रशासन के अधिकारियों से अपील की कि नोएडा में जहां-जहां छठ पूजा के आयोजन हो रहे हैं, वहां आयोजक समितियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के समुचित इंतजाम कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रशासनिक सहयोग से श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के इस पर्व को मना सकेंगे।
इस अवसर पर संजय शुक्ला, संस्थापक मुख्य अध्यक्ष बीके सिंह, प्रमोद पांडे सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्य छठ महापर्व के सफल, सुरक्षित और भव्य आयोजन के लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



