*शराब पीने-पिलाने के बाद दोस्त ने ली दोस्त की जान, शव जंगल में किया दफन*

संवाददाता शिव प्रताप सिंह। दैनिक समाज जागरण

ओबरा/ सोनभद्र। कोतवाली ओबरा के पनारी टोला पलसो में एक व्यक्ति की उसके ही दोस्त ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। वारदात से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। जानकारी के मुताबिक, ओबरा नगर के पुराने थाने के पास रहने वाला अनिल शुक्ला उम्र लगभग 50 वर्ष जो नशे का आदी था। वह अक्सर अपने साथियों के साथ पनारी गांव आता जाता रहता था। गांव के बाहर गोविंद प्रजापति के खेत में उसने पाही बना रखी थी। एक मई को वह अपने दोस्त संजय जायसवाल निवासी चोपन रोड के साथ वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि अनिल ने कुल्हाड़ी से संजय पर वार कर दिया। चोट लगने पर गुस्साए संजय ने अनिल के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। अनिल जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। उसने पानी मांगा तो संजय ने उसे पानी भी पिलाया। लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद संजय ने पास के जंगल में ही अनिल के शव को दफन कर दिया। शनिवार को जब गांववालों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट के साथ रात में पहुंची पुलिस ने मिट्टी खुदवा कर शव को बाहर निकलवाया। शव बाहर निकलवाने के बाद उसके पहचान कराई गई तो उसकी शिनाख्त अनिल शुक्ला पुत्र स्व. शीतला प्रसाद शुक्ला निवासी ओबरा कस्बा के रूप में हुई। पंचनामा की कार्रवाई करते हुए रविवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर देर रात अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मौजूद लोगों से वार्ता कर उक्त प्रकरण के बारे में जानकारी ली। बताया कि दो संदिग्धों से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply