google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

*श्रमिकों को योगी सरकार की सौगात, तीन करोड़ की अधिक धनराशि से सुकृत और डाला बाजार बनेंगे श्रमिक सुविधा केंद्र*

जिलाधिकारी ने शासन के निर्देश पर भूमि का चयन कर स्वीकृति के लिए भेजा प्रस्ताव

समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार ने एक और पहल की है। उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदेश भर में बनाए जा रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) की सौगात अब सोनभद्र के श्रमिकों को भी मिलने जा रही है। जिले में दो स्थानों पर इन आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्रों के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है।



जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि श्रमिक सुविधा केंद्रों के निर्माण के लिए ग्राम सुकृत में 253 वर्ग मीटर और डाला बाजार वार्ड नंबर चार में 200 वर्ग मीटर भूमि का चयन किया गया है। दोनों स्थानों पर निर्माण के लिए प्रस्ताव उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड को भेजा गया है। दोनों केंद्रों के निर्माण पर 3 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

*धूप-बारिश में भटकने से श्रमिकों को मिलेगी राहत*
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रमिक सुविधा केंद्रों का उद्देश्य दिहाड़ी श्रमिकों को काम की तलाश में सड़क किनारे अथवा खुले स्थानों पर खड़े रहने की मजबूरी से राहत देना है। केंद्रों में श्रमिकों के बैठने के लिए सुरक्षित प्रतीक्षालय और छायादार शेड की व्यवस्था होगी। इससे गर्मी, बारिश और अन्य मौसम में श्रमिकों को सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। श्रमिक सुविधा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। इससे विशेष रूप से महिला श्रमिकों को काम की तलाश के दौरान जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

*मोबाइल चार्जिंग से पंजीकरण तक की सुविधा*
उन्होंने बताया कि इन श्रमिक सुविधा केंद्रों को केवल बैठने की जगह तक सीमित नहीं रखा जाएगा। यहां बिजली और पंखे, मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। साथ ही श्रमिकों के लिए पंजीकरण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें श्रम विभाग और भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने में मदद मिले।

*योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी*
यह केंद्र श्रमिकों के लिए सुविधा केंद्र के साथ-साथ सरकारी योजनाओं तक पहुंच का माध्यम भी बनेंगे। पंजीकृत श्रमिकों को उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इस पहल से श्रमिकों को सुविधाजनक वातावरण मिलने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी। बताया कि सुकृत और डाला बाजार में बनने वाले ये केंद्र सोनभद्र के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का स्थायी ठिकाना बनेंगे। सरकार की इस पहल से काम की तलाश में प्रतिदिन निकलने वाले श्रमिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकने से राहत मिलेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)