दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
कुटुंबा (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी को पटना जिले के बिहटा से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार चिंतावन बिगहा गांव निवासी सुनील पाण्डे उर्फ अरुण पाण्डे अपने बेटे की शादी का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सुनील पाण्डे का इलाज फिलहाल पटना में चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र कुमार, पिता रमेश चौधरी, निवासी नगर बिहटा, थाना आईआईटी अम्हारा, जिला पटना को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी घटना के समय उसी स्विफ्ट डिजायर कार में सवार था, जिससे गोली चलाई गई थी। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष कुटुंबा इमरान आलम ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



