दैनिक समाज जागरण, संवाददाता
चांडिल/सरायकेला : हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे के पास कापड़ियावास में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद माननीय केंद्रीय मंत्री श्री संजय सेठ ने तुरंत हरियाणा के मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी दी और मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
बताया गया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया है कि सभी मृतकों के परिवारों को उचित सहायता दी जाएगी। मंत्री संजय सेठ के प्रयास से मृतकों के परिजनों को 40-40 लाख रुपये मुआवजा, सभी पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक गांव तक भेजने की व्यवस्था तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का निर्णय लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंत्री संजय सेठ स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
इस हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ व आसपास क्षेत्र के कई मजदूरों की जान चली गई। सभी मजदूर हरियाणा में निर्माण कार्य में लगे हुए थे, तभी अचानक मिट्टी धंसने से वे उसकी चपेट में आ गए।
इधर, गांव में घटना की सूचना मिलते ही मातम पसर गया है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा पार्थिव शरीरों को गांव लाने की प्रक्रिया जारी है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



