ओबरा और चोपन में सुबह से दिखा उत्साह, सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना; सोशल मीडिया पर भी छाई करवा चौथ की रौनक
समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे
सोनभद्र। सुहाग और अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवा चौथ का पर्व गुरुवार को ओबरा तहसील क्षेत्र के ओबरा और चोपन नगर में पारंपरिक रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। सुबह सरगी ग्रहण करने के साथ शुरू हुआ व्रत देर शाम चंद्रदर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद संपन्न हुआ। पूरे नगर क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
ओबरा के चोपन रोड, वीआईपी रोड, राम मंदिर और खैरटिया ग्राम के साथ चोपन के बर्दिया, बैरियर, सिंदुरिया सहित विभिन्न मोहल्लों में सैकड़ों महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। दिनभर बिना अन्न और जल ग्रहण किए महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने की सामूहिक पूजा
शाम होते ही सोलह श्रृंगार से सजी महिलाएं हाथों में पूजा की थाली लेकर पूजा स्थलों पर पहुंचने लगीं। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और करवा चौथ की पारंपरिक कथा सुनी। पूजा के दौरान मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित कर दीपक जलाए गए और विधि-विधान से करवा पूजन किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा बदलकर पुरानी परंपराओं का निर्वहन किया। पहली बार व्रत रखने वाली महिलाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
व्रती सुमन ने बताया कि उन्होंने सुबह सरगी ग्रहण कर व्रत की शुरुआत की और पूरे दिन निर्जला उपवास रखा। शाम को पूजा-अर्चना के बाद चंद्रदर्शन कर व्रत का पारण किया। महिलाओं ने बताया कि पहली बार करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए मायके से पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक सामान भेजने की परंपरा भी निभाई जाती है।
बाजारों में रही रौनक, पूजन सामग्री और श्रृंगार के सामान की खरीदारी
करवा चौथ को लेकर ओबरा और चोपन के बाजारों में भी दिनभर रौनक बनी रही। महिलाओं ने करवा, दीपक, पूजन सामग्री और सोलह श्रृंगार के सामान की जमकर खरीदारी की। शाम होते ही सभी को चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार रहा। जैसे ही आसमान में चंद्रमा दिखाई दिया, महिलाओं ने छलनी से चांद और पति का दीदार किया। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के हाथों जल ग्रहण कर निर्जला व्रत खोला।
सोशल मीडिया पर भी छाया करवा चौथ का उत्साह
करवा चौथ के पर्व पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आधुनिक रंग भी देखने को मिला। सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने अपने खास पलों को सोशल मीडिया पर साझा किया। फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए वीडियो रील बनाने का भी खासा क्रेज दिखाई दिया। किसी ने पारंपरिक गीतों पर तो किसी ने आकर्षक अंदाज में अपनी खुशियों को कैमरे में कैद किया। महिलाओं ने एक से बढ़कर एक रील बनाकर करवा चौथ के उत्साह और खूबसूरत यादों को साझा किया।
ओबरा और चोपन में आस्था, प्रेम और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा यह पर्व उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



