google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

खनन बैरियर से बचने के लिए हाईवे पर ट्रक खड़े करना पड़ा भारी, 32 वाहन मालिकों और चालकों पर मुकदमा

सोनभद्र में स्टेट हाईवे-05 पर ट्रकों की लंबी कतार से लगा जाम, एंबुलेंस भी फंसी; यातायात पुलिस ने की कार्रवाई

समाज जागरण/ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। जिले में खनन बैरियर से बचने के लिए हाईवे पर अनाधिकृत रूप से ट्रक खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टोल प्लाजा के पास स्टेट हाईवे-05 पर ट्रकों की लंबी कतार के कारण लगे जाम और उसमें एंबुलेंस फंसने के मामले में यातायात पुलिस ने 16 वाहन स्वामियों और 16 चालकों सहित कुल 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस कार्रवाई से खनन परिवहन से जुड़े वाहन संचालकों में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, कुछ ट्रक चालक कथित तौर पर खनन बैरियर पर जांच से बचने के उद्देश्य से अपने वाहनों को टोल प्लाजा के आसपास हाईवे पर अनाधिकृत रूप से खड़ा कर रहे थे। इससे शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। हाईवे पर ट्रकों की लंबी कतार लगने के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

जाम में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने खुलवाया रास्ता

स्थिति उस समय गंभीर हो गई, जब वाहनों की लंबी कतार के बीच एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। मामले की जानकारी मिलने पर यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जाम खुलवाया और आवागमन सुचारु कराया। पुलिस ने हाईवे पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।

एसपी के निर्देश पर चला चेकिंग अभियान

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने वाहनों की जांच की।

अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र सिंह ने किया। उनके द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया। पुलिस ने 16 वाहन स्वामियों और 16 चालकों को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए कुल 32 व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

मारकुंडी में जाम से राहत मिलने की उम्मीद

मारकुंडी क्षेत्र में हाईवे पर लगने वाला जाम लंबे समय से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाईवे पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष रूप से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं का रास्ता बाधित करने वाली लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)