google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

प्रेशर वॉशिंग मशीन से गाड़ी धोते समय करंट लगने से ड्रैगलाइन ऑपरेटर की मौत

एनसीएल बीना कॉलोनी में हादसा, गैरेज में बेहोश मिले ऑपरेटर; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

समाज जागरण/अकबर अली

बीना/सोनभद्र। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र की एनसीएल बीना कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में करंट लगने से ड्रैगलाइन ऑपरेटर की मौत हो गई। वह अपने घर के गैरेज में प्रेशर वॉशिंग मशीन से गाड़ी धो रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह जमीन पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान करीब 49 वर्षीय अमरेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय ओंकारनाथ सिंह के रूप में हुई है। वह बीना परियोजना में ड्रैगलाइन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को पहली पाली की ड्यूटी पूरी करने के बाद वह एम-731 क्वार्टर स्थित अपने आवास पहुंचे थे। इसके बाद वह घर के गैरेज में प्रेशर वॉशिंग मशीन से अपनी गाड़ी धोने लगे।

बेटी ने पिता को जमीन पर पड़ा देखा

बताया जाता है कि काफी देर तक अमरेंद्र कुमार सिंह के बाहर नहीं आने पर उनकी बेटी उन्हें देखने गैरेज में पहुंची। वहां पिता को जमीन पर गिरा देखकर उसने शोर मचाया और पास में रहने वाले परिचित विक्रम सिंह को बुलाया। विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे तो अमरेंद्र मशीन के संपर्क में थे। उन्होंने तत्काल मशीन का बिजली कनेक्शन प्लग निकालकर काटा और उन्हें मशीन से अलग किया।

अटल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से अमरेंद्र कुमार सिंह को बाइक से अटल अस्पताल, बीना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. राकेश सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद एनसीएल बीना कॉलोनी में शोक का माहौल है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)