ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मलबे से अब तक 6 शव निकाले जा चुके हैं। मंत्री राजभर मुख्यमंत्री के निर्देश पर आजमगढ़ से अपना कार्यक्रम छोड़कर यहां पहुंचे थे। मंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनकी प्राथमिकता लापता लोगों का पता लगाना है। उन्होंने जिले भर में प्रशासन द्वारा सूचना प्रसारित करने की बात कही। मंत्री ने आम जनता से अपील की कि यदि किसी परिवार का कोई सदस्य लापता है या खनन क्षेत्र में काम करता था और उसके बारे में कोई जानकारी है, तो वे प्रशासन के साथ साझा करें। इससे लापता व्यक्तियों की खोज में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मलबे को हटाना प्राथमिकता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी लापता व्यक्ति मलबे में न फंसा हो।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आगे के कदम उठाने के निर्देश देंगे। राजभर ने जानकारी दी कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और एफआईआर भी हुई है। कुछ गिरफ्तारियां भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ गेस्ट हाउस में आगे की वार्ता होगी। मंत्री ने जोर देकर कहा कि यदि श्रमिकों की मौत के पीछे कोई लापरवाही पाई जाती है, तो उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी संकोच के कड़ी कार्रवाई करेगी। मीडिया को रोके जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं में प्रशासन अपने तरीके से काम करता है और हमें उनका सहयोग करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई बात छिपाई नहीं जा रही है, लेकिन कभी-कभी गलत संदेश से बचने के लिए प्रशासन सख्ती बरतता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक के बाद सभी जानकारी साझा की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



