समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं न्यायालय से जारी वारंटों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से चलाए गए दो दिवसीय “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में 12 एवं 13 जुलाई 2026 को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 24 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य गैंगस्टर एक्ट, स्थायी वारंटों तथा न्यायालय से निर्गत अन्य वारंटों का प्रभावी निस्तारण करना था।
इस दौरान एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, वन अधिनियम, आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), एनआई एक्ट समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थानावार कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र से चार, कोन से चार, शाहगंज, दुद्धी और अनपरा से तीन-तीन, घोरावल से दो तथा करमा, पन्नूगंज, ओबरा, बभनी और पिपरी से एक-एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने वारंटों का प्रभावी तामील सुनिश्चित करते हुए फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जनपद में अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, न्यायालयों से निर्गत वारंटों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



