google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर गैंग लीडर की अपराध से अर्जित THAR जब्त

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विशेष अभियान “ऑपरेशन Cy-Vajra” के अंतर्गत उच्चाधिकारीगण द्वारा साइबर अपराधियों, म्यूल अकाउंट, संदिग्ध मोबाइल नंबर, एटीएम कैश आउट, चेक विदड्रॉल एवं अन्य साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में जनपद में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान साइबर थाना पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर गैंग लीडर आयुष पटेल की अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया गया।

जांच में प्रकाश में आया कि गैंग लीडर आयुष पटेल एवं उसके सहयोगी सुभाष राय, रजत श्रीवास्तव तथा करण गुप्ता द्वारा होटल के कर्मचारियों एवं उनके रिश्तेदारों के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराध से अर्जित धनराशि को एटीएम एवं चेक के माध्यम से निकालकर संगठित आर्थिक अपराध कारित किया जा रहा था।

उक्त प्रकरण में मुकदमा अपराध संख्या 17/2025 धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 66-D आईटी एक्ट के अंतर्गत थाना साइबर क्राइम, जनपद सोनभद्र पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान अपराध के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर अभियुक्तगण के विरुद्ध आरोप-पत्र माननीय न्यायालय प्रेषित किया गया। साथ ही, गैंग बनाकर संगठित रूप से अपराध कारित किए जाने के कारण अभियुक्तगण के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 15/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई।

विवेचना के दौरान अभियुक्त आयुष पटेल द्वारा साइबर अपराध से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों का चिन्हीकरण कर आख्या जिला मजिस्ट्रेट, सोनभद्र को प्रेषित की गई। जिला मजिस्ट्रेट, सोनभद्र द्वारा साइबर अपराध से अर्जित उक्त संपत्ति के जब्तीकरण का आदेश पारित किए जाने के उपरांत साइबर क्राइम पुलिस टीम ने वाराणसी जनपद के रामपुर सगरा स्थित स्थान से अभियुक्त की महिन्द्रा THAR (वाहन संख्या UP65FU2725) को विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर थाना साइबर क्राइम, जनपद सोनभद्र पर दाखिल किया।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित ऑपरेशन Cy-Vajra के अंतर्गत साइबर अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा निर्देशित किया गया है कि साइबर अपराध से अर्जित अन्य चल एवं अचल संपत्तियों का चिन्हीकरण कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जनपद स्तर पर विभिन्न टीमों का गठन किया गया है तथा अभियान लगातार जारी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)