google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनभद्र में निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई, दो अस्पताल सीज, एक की ओटी बंद

सोनभद्र। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने दो अस्पतालों को सीज कर दिया, जबकि एक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को बंद कर दिया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज और क्षेत्राधिकारी रॉबर्ट्सगंज की संयुक्त टीम ने विभिन्न निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय अभिलेखों, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की जांच की गई।

जांच में छपका स्थित पंचशील हॉस्पिटल और उरमौरा स्थित बनारस पॉली क्लिनिक की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं पन्नूगंज रोड स्थित क्रीघा हॉस्पिटल में चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

इसके अलावा कम्हारी स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और नोट्स भी उपलब्ध नहीं मिले। इस पर प्रशासन ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सीज करने की कार्रवाई की।

बभनौली स्थित सहारा हॉस्पिटल में भी मरीजों के चिकित्सकीय अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इस अनियमितता को गंभीर मानते हुए अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना से डी-पैनल किए जाने की संस्तुति शासन को भेजने का निर्णय लिया गया है।

वहीं दुर्गा पॉली क्लिनिक में लगातार दूसरी बार चिकित्सक अनुपस्थित मिलने पर क्लिनिक को सीज कर दिया गया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों की अनदेखी या मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण जारी रखने तथा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)