समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे
सोनभद्र। मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान रायपुर पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, थाना रायपुर में दर्ज मु.अ.सं. 140/2026 के तहत धारा 69, 115(2) और 351(2) बीएनएस में वांछित अभियुक्त शमसाद अंसारी पुत्र अहमद अंसारी, निवासी ग्राम खलियारी, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 30 वर्ष को 16 सितंबर 2026 को रायपुर सरईगढ़ मोड़ से गिरफ्तार किया गया।
2014 से साथ रहने का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि वर्ष 2014 से अभियुक्त उसे शादी का झांसा देकर पति-पत्नी की तरह अपने साथ रखता था। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और एक पुत्र का जन्म भी हुआ।
आरोप है कि वर्ष 2023 में अभियुक्त ने किसी अन्य महिला से शादी कर ली। इसके बाद पीड़िता के साथ मारपीट की गई तथा उसे जान से मारने की धमकी देने और उससे शादी करने से इनकार करने का आरोप लगाया गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी।
पुलिस टीम ने सरईगढ़ मोड़ से दबोचा
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे रायपुर सरईगढ़ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, चौकी प्रभारी सरईगढ़ उपनिरीक्षक इन्दु भूषण मिश्र, आरक्षी चन्द्रकेश चौहान, आरक्षी सर्वेश मिश्रा और आरक्षी सौरभ कुमार शामिल रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



