सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर गांव के समीप गुरुवार सुबह बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रक के खलासी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रक से चावल उतारने के बाद खलासी तिरपाल समेटकर केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे खलासी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विनोद विश्वकर्मा (30) के रूप में हुई है। वह मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के अवधि खुर्द गांव का निवासी बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चावल उतारने के बाद समेट रहा था तिरपाल
ट्रक चालक राजेश दुबे पुत्र मोतीलाल दुबे ने बताया कि बुधवार रात वह ट्रक में चावल लादकर सजौर गांव के पास पहुंचा था। ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया गया था। गुरुवार सुबह चावल उतारने का काम पूरा होने के बाद खलासी विनोद विश्वकर्मा ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल समेटने लगा, ताकि उसे केबिन में रखा जा सके।
इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना देखकर चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग को दी सूचना
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक की मदद से झुलसे खलासी को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



