समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्वर्ण जयंती चौक पर भाजपा सरकार के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जताया। सपा नेताओं का आरोप है कि राज्य मंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक लगातार दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के प्रति अपमानजनक बयान दे रहे हैं। उनका आरोप था कि अखिलेश यादव पर की गई कथित टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है और इससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने मेरठ की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि दलित समाज के साथ अन्याय हो रहा है, जबकि सरकार इस पर मौन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेता राम मंदिर और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए विवादित बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं का समाधान करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं और पीडीए समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयानबाजी जारी रही तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्त्ता चुप बैठने वाले नहीं। प्रमोद यादव ने कहा भाजपा नेता जाकर बिहार में बिहार सरकार को गाली देने का काम करे जहां पर भरत तिवारी का फर्ज़ी एनकाउंटर कर दिया गया।
इस दौरान सुरेश अग्रहरि, शिवा कुमार यादव, कैलाश पटेल, जयप्रकाश भारती, नंदू भारती, बचाऊ बियार, आशीष यादव, मोहन यादव, सियाराम, गोपाल गुप्ता, प्रकाश भारती सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



