124.4 करोड़ की लागत से बनेंगे 19 आधुनिक वेंडिंग जोन
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी की सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात की समस्या को दूर करने के साथ ही फुटपाथी दुकानदारों को सम्मान जनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पटना नगर निगम ने बड़ी पहल की है। कदम कुआं वेंडिंग जोन की तर्ज पर अब शहर के विभिन्न हिस्सों में 124.4 करोड़ रुपये की लागत से 19 आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इस परियोजना से करीब 4400 फुटपाथी दुकानदारों को अब सड़क किनारे दुकान लगाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। नगर निगम ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए कुल 760.81 डिसमिल जमीन चिह्नित कर ली है।
प्रत्येक वेंडिंग जोन में 200 से 235 दुकानें व्यवस्थित तरीके से स्थापित की जाएंगी। योजना का विस्तार करते हुए भविष्य में कुल 31 वेंडिंग जोन बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कुल 7200 वेंडरों को स्थायी व्यावसायिक स्थल प्राप्त होगा।परियोजना के क्रियान्वयन के लिए 200 करोड़ रुपये का ‘म्यूनिसिपल बॉन्ड’ जारी किया जाएगा। नगर निगम का यह प्रस्ताव अब अंतिम चरण में है और अगले दो माह के भीतर बॉन्ड जारी होने की पूरी उम्मीद है। इन वेंडिंग जोनों को जी प्लस वन और जी प्लस टू जैसी संरचनाओं के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।सर्वाधिक आठ वेंडिंग जोन नूतन राजधानी अंचल में बनाए जाएंगे।
इसके अलावा पाटलिपुत्र, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल में भी आधुनिक वेंडिंग परिसर तैयार किए जाएंगे। नगर निगम का मानना है कि इन जोनों के बनने से शहर का यातायात सुगम होगा और फुटपाथ अतिक्रमण से मुक्त होंगे। हालांकि, शहर में पंजीकृत वेंडरों की संख्या 20,862 है, लेकिन पिछले करीब दस वर्षों से नए वेंडर कार्ड जारी नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में दुकानदार आज भी पहचान पत्र से वंचित हैं। निगम की इस पहल से उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में इन दुकानदारों के लिए भी कोई सकारात्मक कदम उठाया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



