google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में बारात गया था परिवार, पीछे से चोरों ने घर खंगाला

10 लाख नकद और लाखों के जेवर चोरी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ थाना अंतर्गत कसाई मोहल्ला में शादी समारोह का फायदा उठाकर चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। परिवार जब बेटे की बारात से वापस लौटा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और लाखों रुपये के नकद व कीमती गहने गायब थे। पीड़ित मोहम्मद जाकिर कुरैशी ने बताया कि उनके बेटे मोहम्मद फैजान की शादी मुजफ्फरपुर में थी। 12 जून को पूरा परिवार बारात में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर गया हुआ था। शनिवार सुबह करीब चार बजे जब परिजन दुल्हन के साथ घर लौटे, तो घर का मुख्य द्वार सही था, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही होश उड़ गए। अलमारी, पेटी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के अनुसार, चोरों ने करीब 10 लाख रुपये नकद के साथ-साथ सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया है। इनमें बेटी की आगामी शादी के लिए खरीदी गई सोने की चेन, नेकलेस, झुमके, टीका, अंगूठियां और चांदी के विभिन्न जेवरात शामिल थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर खिड़की की सलाखें तोड़कर अंदर घुसे थे। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि इस वारदात के पीछे किसी स्थानीय व्यक्ति की जानकारी हो सकती है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)