संदीप गर्ग ग्रेटर नोएडा/नोएडा: सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद गौतमबुद्ध नगर में होली पर्व के मद्देनज़र विशेष सेफ्टी अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा के सशक्त नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने नोएडा क्षेत्र में व्यापक अभियान संचालित किया।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस चालकों, विशेषकर पल-पल बस एवं अन्य यात्री बसों के ड्राइवरों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना और होली के उत्साह के बीच यातायात नियमों की अनदेखी न करने की सख्त अपील करना रहा।
अधिकारियों ने चालक भाइयों को व्यक्तिगत रूप से संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली के रंगों और पानी के कारण दृश्यता कम हो सकती है, इसलिए वाहन धीमी गति से और पूरी सतर्कता के साथ चलाएं। शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं, क्योंकि यह दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण बनता है।
ओवरस्पीडिंग से पूरी तरह परहेज करने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीट बेल्ट और हेलमेट (जहां लागू हो) का अनिवार्य प्रयोग करने, बस में ओवरलोडिंग न करने, लेन ड्राइविंग व ट्रैफिक सिग्नल का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।
वाहन चालकों को यह भी सलाह दी गई कि यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की लाइट, ब्रेक, टायर आदि की अच्छी तरह जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
डॉ. सियाराम वर्मा और डॉ. उदित नारायण पांडेय की यह सक्रिय पहल सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और होली को सुखद एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। परिवहन विभाग गौतमबुद्ध नगर की टीम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सुरक्षा हर त्योहार से बड़ी है।



