google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई में शिक्षक–अभिभावक बैठक आयोजित

बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया जोर, नियमित उपस्थिति वाले छात्र हुए सम्मानित

भुनेश्वर कुमार महातो , संवाददाता – समाज जागरण

बेरमो / ऊपरघाट : बेरमो अनुमण्डल क्षेत्र नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट अंतर्गत बरई पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई के प्रांगण में शुक्रवार को शिक्षक–अभिभावक बैठक (पीटीएम) का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुनैना देवी ने की , जबकि संचालन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार गोस्वामी द्वारा किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को लेकर माता-पिता/अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करना था। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर निरंतर प्रयास करें। समग्र शिक्षा अभियान एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी इस तथ्य पर बल देती है कि बच्चों की सीखने की क्षमता के विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि दिप्पू अग्रवाल ने कहा कि अभिभावकों को समय-समय पर विद्यालय आकर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेनी चाहिए तथा शिक्षकों से संवाद कर बच्चों की प्रगति पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का नियमित नामांकन, शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं लर्निंग गैप को कम करने में अभिभावकों की सकारात्मक पहल बेहद आवश्यक है। इसके लिए नियमित रूप से शिक्षक–अभिभावक बैठक का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विद्यालय प्रांगण में सांसद मद से फेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्यालय की सुंदरता में वृद्धि होगी। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय में कार्यरत शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के माता-पिता एवं अभिभावक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बेहतर रिजल्ट, मासिक परीक्षा एवं प्रयास कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा कलम एवं कॉपी देकर सम्मानित किया गया। बैठक में उपस्थित प्रमुख अभिभावकों में नकुल प्रसाद अग्रवाल, जयलाल महतो, सुनीता देवी, संतोष कुमार, विजय महतो, प्रेम शंकर, मालती देवी, देवंती देवी, शकुंतला देवी, घनश्याम पांडे, अमित महतो, कुशल महतो सहित अन्य अभिभावक एवं माता-पिता शामिल थे। बैठक को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की गई।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)