दूसरी बार हुई दिल दहला देने वाली वारदात, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाए नारे—कड़ी कार्रवाई की मांग
ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
सोनभद्र। जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ बाजार में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक 10 वर्षीय बालक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बालक की पहचान रामगढ़ निवासी राजू गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने मासूम की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
घटना के बाद रामगढ़ बाजार में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जमा होकर जोरदार नारेबाजी करने लगे और प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों का कहना है कि रामगढ़ क्षेत्र में यह दूसरी बार इतनी नृशंस हत्या की घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और आक्रोशित ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



