google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सनातन और राष्ट्र चेतना के स्वर से गूंजा अनपरा का ऑडिटोरियम, पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ के विचारों ने बांधा समां

समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ, विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में 14 जून, रविवार को ऊर्जांचल जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित “सनातन और भारत वर्ष : कल, आज और कल” विषयक भव्य कार्यक्रम राष्ट्र चेतना और सांस्कृतिक विमर्श का केंद्र बन गया। प्रख्यात पत्रकार एवं चिंतक पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ की गरिमामयी उपस्थिति और ओजस्वी संबोधन को सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे, जिससे पूरा ऑडिटोरियम अंतिम सीमा तक भरा रहा।

अपने प्रभावशाली संबोधन में पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने सनातन संस्कृति, भारतीय सभ्यता और समकालीन राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संविधान में अल्पसंख्यक (माइनॉरिटी) की अवधारणा का उल्लेख तो है, लेकिन इसकी स्पष्ट परिभाषा आज तक निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि किसी समुदाय को किस आधार पर और कितने जनसंख्या प्रतिशत तक अल्पसंख्यक माना जाएगा, इस पर देश में स्पष्ट नीति बननी चाहिए।

उन्होंने मंदिरों की आय और उसके प्रबंधन के विषय को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जिस प्रकार अन्य धार्मिक संस्थानों के चंदे पर सरकारी नियंत्रण नहीं है, उसी प्रकार मंदिरों के चढ़ावे पर भी समान नियम लागू होने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिरों से प्राप्त धनराशि के पारदर्शी उपयोग के लिए एक समिति का गठन किया जाए, जो समाज के गरीब एवं जरूरतमंद हिंदू परिवारों की शिक्षा, विवाह एवं अन्य सामाजिक आवश्यकताओं में सहयोग कर सके।

अपने संबोधन में उन्होंने वोट बैंक की राजनीति और उसके राष्ट्र पर पड़ने वाले प्रभावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने तथा जनता द्वारा उनके कार्यों की प्रत्यक्ष समीक्षा की व्यवस्था समय की मांग है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के हित में “सत्य और स्पष्टता” को अपनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में ऊर्जांचल जनकल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर. डी. सिंह जी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, श्रोताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ जी द्वारा प्रस्तुत विचार समाज को नई दिशा देने वाले हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र एवं समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया जाएगा।

इस अवसर पर राम सकल (पूर्व सांसद), आनंद कुमार सिंह (परियोजना प्रमुख, एमईआईएल अनपरा), वीरेन्द्र गोयल (अध्यक्ष, सिंगरौली विकास प्राधिकरण, मध्य प्रदेश), के. पी. सिंह (पूर्व आईपीएस), के. डी. जैन (महाप्रबंधक, खड़िया परियोजना), अजय कटिहार (परियोजना प्रमुख, अनपरा तापीय परियोजना), समिति के महामंत्री के. सी. जैन, आर. खंडेलवाल, ए. के. सिंह, पत्रकार बंधु, नारी शक्ति, बच्चों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं दर्शक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे सभागार में राष्ट्र, संस्कृति और सनातन के प्रति जागरूकता का उत्साह देखने को मिला, जिससे यह आयोजन क्षेत्र में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)