google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

चुरापुर-विरधवलपुर-शाहपुर रामनगर मार्ग की बदहाली, ग्रामीणों में भारी आक्रोश आंदोलन की दी चेतावनी

*बीडीओ को सौंपा ज्ञापन।
समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी।
अजगरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चुरापुर, विरधवलपुर, शाहपुर होते हुए रामनगर (बड़ागांव) को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सड़क की जर्जर हालत और संबंधित विभाग की कथित उदासीनता से नाराज क्षेत्रवासियों ने बीडीओ पिण्डरा को संबोधित ज्ञापन आज सौंपकर मार्ग की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं अन्य राहगीरों का आवागमन होता है। सड़क की बदहाली के कारण लोगों को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


विशेषकर बरसात के मौसम में जलभराव और कीचड़ के चलते आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सबसे चिंताजनक स्थिति आपातकालीन सेवाओं की है। खराब सड़क के कारण गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों एवं एम्बुलेंस को समय से अस्पताल पहुंचने में काफी विलंब होता है, जिससे मरीजों की जान तक खतरे में पड़ जाती है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


बीडीओ को ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से समाजसेवी प्रमोद पाण्डेय,व्यापार मंडल मंगारी के अध्यक्ष पप्पू सिंह संतोष पाण्डेय ,अनिल पटेल ,विशाल विश्वकर्मा ,हंसराज विश्वकर्मा ,मंटू राम सहित चुरापुर, विरधवलपुर, शाहपुर एवं रामनगर (बड़ागांव) क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं व्यापारी उपस्थित रहे।


सभी क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित अधिकारी तत्काल सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराएं, ताकि आम जनता को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।


ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्रवासी जनहित में चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन करते हुए बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)