अनूपपुर। नगर परिषद् बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 1 एवं ग्राम किल्हौरी से लगे अमरकंटक पावर प्लांट के राखड़ डेम से उड़ रही राख और धूल अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। बताया जा रहा है कि डेम पूरी तरह राखड़ से भर चुका है और लंबे समय से सूखा पड़ा है, लेकिन धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा।भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते राखड़ के गुबार लगातार आसपास की बस्तियों तक पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि कई बार क्षेत्र में चारों ओर सिर्फ धूल और राख ही दिखाई देती है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि घरों, दुकानों और सड़कों पर राख की परत जम जाती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
रहवासियों के अनुसार राखड़ के लगातार उड़ने से सांस संबंधी बीमारियों और एलर्जी की शिकायतें बढ़ने लगी हैं। बच्चों, बुजुर्गों और दमा के मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार प्रबंधन और संबंधित विभाग द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पावर प्लांट प्रबंधन से मांग की है कि राखड़ डेम में नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए जाएं ताकि लोगों को धूल और राख के गुबार से राहत मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



