पंकज कुमार पाठक, समाज जागरण
पदमा : पदमा ओपी थाना क्षेत्र के पदमा मुख्यालय के समीप 30 जून की देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 29 वर्षीय शशि कुमार चंद्रवंशी की गुरुवार देर रात राँची स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक पदमा निवासी राजकुमार चंद्रवंशी के पुत्र थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें पहले हजारीबाग और बाद में राँची रेफर किया गया था, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
शुक्रवार को रिम्स, राँची में पोस्टमार्टम के बाद शव को पदमा थाना लाया गया, जहां परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने कथित आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मृतक शशि कुमार अविवाहित थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे बाहर रहकर सरिया-सेंटरिंग का कार्य करते थे और अपने माता-पिता, दो विधवा बहनों तथा एक दिव्यांग भाई का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के दिन शशि कुमार सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्प्लेंडर बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राँची रेफर कर दिया था।
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के समय बाइक पदमा पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के कर्मी नागेश्वर राय के पुत्र आशिष राय चला रहे थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और बरही इंस्पेक्टर अनिल कुमार पदमा थाना पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए तथा अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



