दैनिक समाज जागरण
मुस्कान खान
जनपद बिजनौर
रायपुर/नगीना जनपद बिजनौर मे गुलदार का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कहीं ना कहीं पशु जाति एवं मनुष्य जाति के लोगों को गंभीर रूप से घायल कर देता है या जान से मार देता है जिससे जनपद के जंगली इलाकों में रहने वाले लोग दहशत के बीच रह रहे हैं। देखा जाए तो प्रतिदिन सोशल मीडिया पर और अखबारों में गुलदार के आतंक की खबरें प्रकाशित होती रहती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों का कहीं न कहीं शहर से संपर्क बना रहता है जिस कारण राहगीर और ग्रामीण देर शाम या रात के समय जंगलों के रास्ते घर पहुंचते हुए गुलदार जैसे हिंसक जानवरों की चपेट में आते रहते हैं। किसान और खेतों में काम करने वाले मजदूर गुलदार के कारण जंगलों में जाने से डरने लगे हैं। कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार दिखाई देता है तो वह लोग वन विभाग को सूचना देते हैं लेकिन वन विभाग के समय पर न पहुंचने के कारण गुलदार कहीं दूर निकल जाता है। अभी हाल ही में नगीना देहात के रायपुर सादात में गुलदार देखा गया था, जिसने क्षेत्र में कुछ समय से आतंक मचा रखा था, पिछले एक सप्ताह में कई पशुओं को गुलदार ने अपना शिकार बनाया था और लोगों को भी घायल कर रहा था। क्षेत्र के ग्रामीणों के कहने पर रायपुर सादात के जंगल में वन विभाग ने चार दिन पूर्व पिंजरा लगाया था, जिसमें गुलदार रात के समय पिंजरे में फंस गया। गुलदार के पिंजरे में फंसने की खबर क्षेत्र में फैली तो क्षेत्र के लोग देखने के लिए जंगल में दौड़े पड़े और गुलदार को पिंजरे में फंसा देख लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम पिंजरे सहित गुलदार को अपने साथ ले गई।



