google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा डाला, अचलेश्वर महादेव मंदिर के 59वें स्थापना दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब

समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरी

डाला/ सोनभद्र। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच मंगलवार को डाला नगर की ऊंची पहाड़ी पर विराजमान श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के 59वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ हुआ। मानस परिवार समिति के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पूरा नगर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। वातावरण ऐसा भक्तिमय हुआ कि मानो शिवभक्ति की अविरल धारा पूरे नगर में प्रवाहित हो रही हो। सुबह सात बजे से ही मंदिर परिसर और कलश यात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। महिला, पुरुष, बालिकाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लाल और पीले वस्त्रों में सुसज्जित महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से आगे बढ़ रही थीं। श्रद्धालुओं के जयकारों और धार्मिक उत्साह ने आयोजन की दिव्यता को और बढ़ा दिया। मंदिर के महंत पंडित मुरली तिवारी के दिशा-निर्देशन में विंध्य धाम, प्रयागराज, काशी क्षेत्र और सोनभद्र के विभिन्न स्थानों से आए विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश पूजन कराया। इसके बाद शोभायात्रा नगर की परिक्रमा करते हुए शीतला मंदिर पहुंची और वहां से पुनः नगर भ्रमण करते हुए श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में सदर विधायक भूपेश चौबे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मानस परिवार समिति के अध्यक्ष नीरज पाठक ने कहा कि सभी भक्तों के सहयोग से कलश यात्रा भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुई। स्थापना दिवस के अवसर पर पंचांग पूजन, गणेश एवं गृह स्थापना पूजन, रुद्राभिषेक और श्रीरामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। शाम सात बजे से अयोध्या से पधार रहे कथा वाचक श्रीश रामानुजाचार्य के मुखारविंद से मानस प्रवचन सुनने का अवसर मिलेगा। 18 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ शुरू होगा। 19 अक्टूबर को सुबह पूजन, हवन, आरती और प्रसाद वितरण के बाद दोपहर 12 से शाम चार बजे तक भव्य भंडारा आयोजित होगा। शाम छह बजे श्री अचलेश्वर महादेव संगीत समारोह होगा। कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। संचालन जगदीश तिवारी ने किया। श्रद्धालुओं की आस्था और सामूहिक सहभागिता ने स्थापना दिवस समारोह को शिवभक्ति, रामभक्ति और धार्मिक एकता का अनुपम उत्सव बना दिया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)