वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज।चुरली पंचायत के वार्ड-11 में बोर्डर सड़क से भैसलूटी जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों में नाराजगी
ठाकुरगंज (किशनगंज)। ठाकुरगंज प्रखंड की चुरली पंचायत के वार्ड संख्या-11 में बोर्डर सड़क से भैसलूटी जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए पूर्व में नाले की खुदाई कराई गई थी, लेकिन समय पर उसकी सफाई नहीं होने से उसमें मिट्टी और गाद भर गई। इसके चलते पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क पर कीचड़ फैल गया, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल जाने वाले बच्चों ने बताया कि कीचड़ से भरे रास्ते पर चलते समय वे कई बार फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनकी किताबें और कॉपियां भीग जाती हैं, कपड़े गंदे हो जाते हैं और समय पर विद्यालय पहुंचना भी कठिन हो जाता है। वहीं, शिक्षकों सहित अन्य राहगीरों को भी प्रतिदिन इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब सड़क की मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



