वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ठंड का सबसे अधिक असर गरीब, असहाय, बुजुर्गों एवं छोटे-छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। इसको लेकर सदर विधायक कमरुल हुडा ने जिलाधिकारी से ठंड से बचाव के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
विधायक कमरुल हुडा ने बताया कि इससे पूर्व भी वे जिलाधिकारी से मिलकर जिले में अलाव की व्यवस्था कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक क्षेत्रों में अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ठंड लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि ज़मीनी स्तर पर राहत कार्य नज़र नहीं आ रहे हैं।
विधायक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिले के सभी प्रखंडों के सभी पंचायत के गांवों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में ठंड से बचाव हेतु अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इसके लिए सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) एवं नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अलाव की व्यवस्था तत्काल शुरू हो सके।
इसके साथ ही विधायक ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि इस भीषण ठंड में छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य और जीवन के लिए खतरा साबित हो सकता है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस दिशा में भी शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
विधायक ने जिला प्रशासन से अपील की कि शीतलहर से बचाव हेतु अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएं, ताकि आम जनता को इस भीषण ठंड से राहत मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



