मिशन इंद्रधनुष 5.0 के तीसरे चरण की हो रही शुरुआत आज से

27 नवंबर से 02 दिसंबर तक चलेगा अभियान, जिले में बनाए गए हैं 854 टीकाकरण केंद्र

पूर्णियां।

पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षा के लिए टीकाकरण आवश्यक है। बच्चों और महिलाओं को आसानी से टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान चलाया जाता है। वर्ष 2023 में मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत सोमवार से हो रही है। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न क्षेत्रों में 27 नवंबर से 02 दिसंबर तक गर्भवती महिलाओं और पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। पांच दिवसीय टीकाकरण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारी पूरी हो गई है। इसके लिए सभी प्रखंडों में टीकाकरण केंद्र सुनिश्चित करने के साथ ही टीकाकरण के लिए घर घर सर्वे कर लाभार्थियों की सूची तैयार कर ली गई है। मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान के तीसरे चरण की सफलता के लिए जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। इसके अनुसार सभी प्रखंडों के ग्रामीण इलाकों तक लक्षित लाभार्थियों को टीका लगाते हुए शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ विनय मोहन ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 के तीसरे चरण को भी पहले और दूसरे चरण की तरह सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की गयी है। अभियान के तीसरे चरण के लिए जिले के सभी प्रखंडों में कुल 854 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सभी टीकाकरण केंद्रों में 0 से 02 वर्ष के 06 हजार 949 बच्चों को, 02 वर्ष से 05 वर्ष के 01 हजार 184 बच्चों के साथ सभी प्रखंडों के 01 हजार 692 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।