सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा नव निर्माण के नौ वर्ष पर आधारित पुस्तक व फोल्डर का वितरण किया गया
ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण
सोनभद्र। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में, संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राबर्टसगंज के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को लोक परंपराओं की अद्भुत छटा देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत वीर रस से ओतप्रोत आल्हा गायन से हुई। अंजनि सिंह एवं दल ने जैसे ही स्वर छेड़ा “बारह बरिस तक कुत्ता जीवे, सोलह बरिस सियार, बरिस अठारह क्षत्रिय जीवे, आगे जीवन बेकार पूरा वातावरण जोश, उत्साह और वीरता की भावना से भर उठा। दर्शक देर तक इस प्रस्तुति में डूबे रहे।
इसके पश्चात ह्रास कुमार मारावी द्वारा रीना शैला नृत्य, सोना राम एवं दल द्वारा गरदबाजा नृत्य, राम आधार एवं दल द्वारा करमा नृत्य, तेजकरण एवं दल द्वारा चकरी व कालबेलिया नृत्य तथा लिखीराम रुवे द्वारा गुदुम्बाजा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जनजातीय संस्कृति की विविधता को सजीव कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राधिका पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि प्रमीला जायसवाल, जिला मंत्री, भाजपा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. गोपाल सिंह, प्रधानाचार्य, संत कीनाराम महाविद्यालय, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र रहे, जबकि कार्यक्रम की सम्पूर्ण परिकल्पना केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा की गई। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा नव निर्माण के नौ वर्ष पर आधारित पुस्तक व फोल्डर का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विनय सिंह (सूचना अधिकारी) राजेश भारती (सहायक पर्यटन अधिकारी), पुष्पा सिंह (महिला मोर्चा भाजपा), राजेश कुमार मिश्रा, विनोद कुमार एवं कार्यक्रम समन्वयक मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



