google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सेवानिवृत्त शिक्षक के घर लाखों की चोरी, दो लाख नकद समेत जेवरात ले उड़े चोर

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार चक चपकी गांव निवासी मगन राम तिवारी, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, गुरुवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे की ओर से पहुंचे और खिड़की की सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों का ताला तोड़ दिया तथा उसमें रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। चोरी की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल बभनी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मक्खन लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी गए सामान में नकदी के अलावा सोने-चांदी के कई जेवरात भी शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)