वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में गर्मी काफी बढ़ने लगी है। गर्मी बढ़ते ही मौसमी बीमारी होने की संभावना बढ़ जाती है। इसमें डायरिया, त्वचा, लू लगना, पानी की कमी, फूड पॉइजनिंग आदि बीमारी शामिल हैं । सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि गर्मी से थकावट, लू लगना, पानी की कमी, फूड पॉइजनिंग आम बीमारियां हैं । इसके अलावा गर्मी में हीट-स्ट्रोक होने की संभावना अधिक रहती है। इस दौरान शरीर का तापमान बहुत ज्यादा होता व त्वचा रूखी और गर्म होती है,शरीर में पानी की कमी, कन्फ्यूजन, तेज या कमजोर नब्ज, छोटी-धीमी सांस, बेहोशी तक आ जाने की नौबत आ जाती है। हीट-स्ट्रोक से बचने के लिए दिन के सबसे ज्यादा गर्मी वाले समय में घर से बाहर नहीं निकलें। अत्यधिक मात्रा में ओआरएस , पानी और जूस पीएं, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनें । उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की शारीरिक समस्या होने पर निकट के सरकारी अस्पताल में संपर्क करें। वहां 24 घंटे चिकित्सक व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। वर्तमान समय में मौसम में बदलाव के कारण रोगियों की संख्या बढ़ी है। इसमें बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सुबह में अभी भी ठंड का अनुभव होता है। इसलिये बच्चों व बुजुर्गों के पोशाक पर विशेष ध्यान रखें। अत्यधिक जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें। छाता का प्रयोग करें। हमेशा पूरे शरीर को ढकने वाला कपड़ा पहनें। बाहरी दूषित खान-पान से परहेज करें। पानी अधिक पीएं। घर का खाना खाएं। बासी खाना नहीं खाएं। होटल व रेस्टोरेंट के खाने से बचें। इस प्रकार अन्य सावधानी बरत कर हम गर्मी मे होने वाले आम बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।
सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन ने बताया कि उमस भरी गर्मी के दिनों में लोगों को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस मौसम में लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थ का सेवन करना चाहिये। तरबूज, ककड़ी, संतरे, नींबू, अनानास, गन्ना का अधिक सेवन करें। इसके अलावा हरी पत्तीदार सब्जी का सेवन भी बीमारियों से बचाव के लिये जरूरी है। वहीं नियमित व्यायाम व योगाभ्यास भी जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी बरत कर हम अपने साथ अपने परिवार वालों को इन बीमारियों के प्रकोप से बचा सकते हैं। इसलिये जरूरी है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। चाय-कॉफी, कैफिन युक्त पदार्थ, रिफाइंड व प्रोसेस्ड फूड अधिक तेल मसाला व गर्म तासीर वाले भोजन से अभी दूरी बनाये रखना जरूरी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



