वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
बहादुरगंज–ठाकुरगंज मुख्य मार्ग (एनएच–327ई) पर खैखाट चौक के समीप शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति और एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
मृतक मोटरसाइकिल चालक की पहचान ताराबाड़ी निवासी शादाब आलम (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। बाइक पर सवार दूसरे मृतक नजीर अहमद (26 वर्ष) भी ताराबाड़ी के निवासी थे, जबकि तीसरे मृतक की पहचान राहगीर शाह आलम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार, पौआखाली थाना अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह तथा एडीपीओ गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब शादाब आलम इफ्तार के बाद किसी आवश्यक कार्य से ताराबाड़ी से लोहागाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



