google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में सड़क हादसे के दौरान तीन मजदूर घायल दो की हालत नाजुक

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा में तीन मजदूर घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों मजदूर एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों मजदूर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। यह घटना रात करीब 1 बजकर 13 मिनट पर हुई जब शहीद चौक के पास तेज रफ्तार बाइक और एक ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइक पर सवार मजदूर बिक्रम थाना क्षेत्र के सरवाभसारा गांव के निवासी थे। इनमें पवन कुमार, गजेंद्र पासवान और सुजीत कुमार शामिल हैं। तीनों लोग रोजाना की तरह काम के बाद बिहटा के अम्हारा गांव से लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, बाइक लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और बिना रुके शहीद चौक पार कर रही थी, तभी सामने से आ रही लोडेड ट्रक से भिड़ंत हो गई।
हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें गंभीर साबित हुईं। टक्कर होते ही तीनों मजदूर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और तुरंत बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सड़क पर गिरा देखा तो मौके पर जुटे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय पर सहायता पहुंची।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। शहीद चौक पर लगे दो अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों में इस दुर्घटना की तस्वीरें कैद हुईं हैं। फुटेज से साफ है कि बाइक तेज रफ्तार में बिना ब्रेक के चौक पार कर रही थी और तभी ट्रक से भिड़ गई। पुलिस ने इन फुटेज को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है और इन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही बिक्रम थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत विक्रम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्रारंभिक इलाज के बाद दो घायलों की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया गया। एक मजदूर की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज विक्रम में ही चल रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों मजदूर बिहटा के अम्हारा गांव में मजदूरी करने के बाद रात में ही एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। थकान और तेज रफ्तार, साथ ही सुरक्षा नियमों की अनदेखी, इस दुर्घटना के मुख्य कारण माने जा रहे हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)