दैनिक समाज जागरण 14.04.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर के साकची स्थित कोर्ट रोड में आज भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री राजेश प्रसाद मुखी ने किया। इस अवसर पर बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक माननीय श्री सरयू राय ने मुख्य रूप से भाग लिया और बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शोषित, वंचित और दलित समाज को शिक्षा के माध्यम से जागरूक कर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का योगदान केवल सामाजिक सुधार तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की नींव को भी मजबूत किया।
श्री राय ने आगे कहा कि संविधान निर्माण में प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अंबेडकर की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके मार्गदर्शन में देश को एक ऐसा लचीला और सशक्त संविधान प्राप्त हुआ, जो समय के साथ बदलती परिस्थितियों के अनुरूप जनहित में प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने समतामूलक समाज की स्थापना के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाने के उनके निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश था। बाबा साहेब ने मानवता, समानता और न्याय के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
इस अवसर पर एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री राजेश प्रसाद मुखी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है और विशेष रूप से दलित एवं शोषित वर्ग के उत्थान के लिए एक मजबूत आधार प्रस्तुत करता है। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जदयू के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष श्री अजय कुमार, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, जिला उपाध्यक्ष भास्कर मुखी, जिला सचिव प्रेम सक्सेना एवं विकास साहनी, महानगर महासचिव राजकुमार पासवान, सचिव विनीत सिंह, चुन्नू भूमिज, बबलू कुमार, विजय सिंह, संजीव सिंह, एससी मोर्चा जिला महामंत्री मोना मुखी सूर्यवंशी, मनोज गुप्ता, अर्जुन मुखी, सोना मुखी, नरेश मुखी, अरविंद, विजय, किशोर कुमार, सूरज यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समानता की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



