समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
दुल्हिन बाजार/ थाना क्षेत्र के इचीपुर गांव के पास सड़क पर सोमवार की शाम बालू से लदे एक ट्रक से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया गया। घटना में एसआई सियाराम पासवान एवं महिला सिपाही सोनी कुमारी बाल-बाल बच गए। आरोप है कि ट्रक चालक एवं उसके सहयोगियों ने जानबूझकर दोनों पुलिसकर्मियों पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। घटना के बाद आरोपी ट्रक से उतरकर दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे तथा जाति सूचक गाली-गलौज भी किया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सोनु कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
हमले में घायल एसआई सियाराम पासवान एवं महिला सिपाही सोनी कुमारी को प्राथमिक उपचार के लिए भरतपुरा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया। पुलिस की सतर्कता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया। इस संबंध में दुल्हिन बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में नामजद अभियुक्तों की पहचान केशव कुमार (पिता–मृत्युंजय कुमार) एवं विश्वकांत कुमार (पिता–रविन्द्र कुमार), दोनों निवासी चांदचक, थाना लहसुना, जिला पटना के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।



