google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के झोपड़ी में घुसी अनियंत्रित पुलिस वाहन

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ पटना सिटी के बाइपास थाना क्षेत्र के कदमतल मोहल्ले में मंगलवार की रात पुलिस की एक गश्ती गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसी। हादसे में झोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से टूट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक हंगामे का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे के आसपास हुआ, जब इलाके में छठ पर्व को लेकर लोग अपने-अपने घरों के पास सजावट और तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आती हुई पुलिस गश्ती वाहन अनियंत्रित होकर झोपड़ी में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए। कई लोग यह समझ ही नहीं पाए कि आखिर पुलिस की गाड़ी झोपड़ी में कैसे जा टकराई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद गश्ती दल में शामिल कुछ पुलिसकर्मी मौके से हट गए। इस बीच, भीड़ ने गाड़ी में मौजूद एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जो सिविल वर्दी में था और गाड़ी चला रहा था। लोगों ने उसका घेराव किया और मौके पर कड़ी नाराजगी जताई। हादसे की जानकारी मिलते ही बाइपास थाना प्रभारी राजेश कुमार झा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी बेगमपुर टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) की थी, जो छठ पर्व को लेकर पूरे दिन और रात गश्त पर थी। देर रात गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में घुस गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। थाना प्रभारी ने कहा, घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई जान-माल की क्षति नहीं हुई है। झोपड़ी को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)