समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरि
सोनभद्र। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उ0प्र0 लखनऊ द्वारा संचालित “ऑपरेशन खोज” अभियान के अंतर्गत गुमशुदा बालक/बालिकाओं की खोजबीन हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। थाना बीजपुर एवं चाइल्ड लाइन टीम द्वारा दिनांक 22.02.2026 को एक गुमशुदा नाबालिग बालिका, जो अपना नाम व पता बताने में असमर्थ थी, को सुरक्षित संरक्षण में लेकर बालिका गृह रॉबर्ट्सगंज में आवासित कराया गया था। गुमशुदा बालिका की पहचान स्थापित करने एवं उसके परिजनों की खोज हेतु थाना ए.एच.टी. टीम द्वारा त्वरित एवं समन्वित प्रयास किए गए। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा बालिका से संवेदनशीलतापूर्वक संवाद स्थापित किया गया। चिकित्सा विभाग की काउंसलर शिवांगी मिश्रा (पीएचसी केकराही) एवं मीना सोनकर (जिला अस्पताल सोनभद्र) द्वारा बालिका की काउंसलिंग कराई गई, जिसके उपरांत बालिका ने अपना नाम अंशु पुत्री बाबूलाल बताया।
तत्पश्चात जनपद सोनभद्र एवं मीरजापुर में संपर्क स्थापित कर विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया गया। गहन खोजबीन के बाद बालिका की पहचान अंशु यादव पुत्री बाबूलाल यादव निवासी रेनूकूट, थाना पिपरी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए 09 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। बालिका को सुरक्षित पाकर परिजनों ने थाना ए.एच.टी. टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



