पत्नी ने सार्जेंट प्रेमी से कानपुर में करवाई उन्नाव के डाक्टर की हत्या , गिरफ्तार

-बचाव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का भी पत्नी और उसके प्रेमी ने किया नाटक

  • कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया जुर्म, दोनों में कई साल से थे अवैध सम्बन्ध
  • सबूतों के लिए पुलिस की छानबीन जारी

सुनील बाजपेई

कानपुर। यहां जिले में प्रेम बनाम अवैध सम्बन्धों के चक्कर में हत्याओं का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में एक डाक्टर को भी उसकी पत्नी ने प्रेमी के जरिए मौत के घाट उतार दिया। महाराजपुर में उन्नाव के डाॅक्टर की हत्या कर शव फेंकने के मामले में चकेरी पुलिस ने देर रात सफलता भी पा ली। इस डॅाक्टर की पत्नी ने प्रेमी से पति की हत्या कराने के बाद शव को हाईवे किनारे फेंकवा दिया था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने पत्नी के प्रेमी एयर फोर्स में सार्जेट को गिरफ्तार कछर जेल की हवा खिला दी जबकि डाक्टर की पत्नी से पूछताछ जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्नाव के आवास विकास निवासी 42 वर्षीय दांतों के डाॅक्टर गौरव सिंह सोमवार को पत्नी प्रियंका को छोड़ने के लिए नौबस्ता राजीव विहार स्थित ससुराल आये थे। यहां पत्नी को छोड़ने के बाद शाम छह बजे वह निकले थे। जाते वक्त उन्होंने पत्नी से एयरफोर्स स्टेशन कैंपस में रहने वाले अपने दोस्त मुदित से मिलकर घर जाने की बात कही थी।
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक रात करीब नौ बजे वह मुदित के यहां से बस पकड़ कर उन्नाव जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।10 बजे उनका मोबाइल स्विचआफ हो गया।
पुलिस के अनुसार मुदित ने अहिरवां पर उन्हें छोड़ने की जानकारी दी थी। घर न पहुंचने पर पत्नी प्रियंका मुदित के साथ पहले नौबस्ता थाने, वहां से महाराजपुर थाने गई। दोनों ही थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। इसके बाद वह लोग चकेरी थाने पहुंचे थे। जहां प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।

पुलिस ने डाॅक्टर की पत्नी प्रियंका और मृतक डाॅक्टर के दोस्त मुदित से पूछताछ शुरू की तो गोलमोल जवाब देने शुरू कर दिए। संदेह बढ़ने पर पुलिस ने मुदित से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अवैध संबंधों में हत्या करने की बात कबूली। कड़ाई से हुई पूछताछ में सामने आया कि डॅाक्टर की पत्नी प्रियंका के मुदित से अवैध संबंध थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मिलकर गौरव को रास्ते से हटाना चाहते थे। पत्नी का इशारा मिलने पर एयरफोर्स कर्मी मुदित ने वारदात को अंजाम दे डाला। मुदित के वारदात कबूलने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डॅाक्टर का शव बरामद किया है।एसीपी चकेरी अमरनाथ ने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब तक की छानबीन में मुदित के उन्नाव निवासी होने की जानकारी हुई है। यही कारण है कि दोनों एक दूसरे के दोस्त थे और घर का आना जाना भी था। इसी बीच डाॅक्टर की पत्नी से मुदित के अवैध संबंध हो गए थे। आठ-नौ साल से दोनों के बीच संबंधों की बात प्रकाश में आयी है।इस मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है।